
कन्यादान कार्यक्रम में जा रहे युवकों की बाइक अनियंत्रित, सड़क पर गिरकर घायल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव जसाला के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए कांधला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद सहारनपुर के थाना गंगोह क्षेत्र के गांव बासदई निवासी सुंदर और गांव चौपड़ा निवासी अनिल बाइक पर सवार होकर गांव जसाला में आयोजित एक शादी समारोह में कन्यादान कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही दोनों युवक गांव जसाला के समीप पहुंचे, अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक सड़क पर फिसल गई और दोनों युवक जोरदार तरीके से सड़क पर गिर पड़े।
हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास से गुजर रहे राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत एंबुलेंस सेवा को सूचना दी और घायलों की मदद में जुट गए।सूचना मिलने पर एंबुलेंस पायलट कमल कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से तत्काल कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को आवश्यक उपचार दिया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।