चोरों के हौसले बुलंद एक के बाद एक चोरी की वारदातों से मचा हड़कंप

 

* दीवार कूदकर घर में घुसे चोर, एक लाख की नकदी और सामान चोरी; पुलिस ने बताया मामला संदिग्ध

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे और आसपास के क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। एक के बाद एक सामने आ रही चोरी की वारदातों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ताजा मामला थाना क्षेत्र के गांव चढ़ाव का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर एक लाख रुपये की नकदी समेत घरेलू सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।गांव चढ़ाव निवासी शुभम चौहान पुत्र जयवीर चौहान के अनुसार, बीती रात करीब 12 बजे अज्ञात चोर घर की दीवार कूदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद चोर ऊपर बने कमरे में पहुंचे और वहां रखा बिजली का इलेक्ट्रॉनिक चूल्हा, प्रेस तथा एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने कांधला थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी और चोरी हुआ सामान व नकदी बरामद कराने की गुहार लगाई।लगातार चोरी की घटनाओं के बीच लोगों के मन में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस मामले में पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!