
खेत के कमरे से निकला जहरीला कोबरा, ग्रामीण ने पकड़कर जंगल में छोड़ा
* मलकपुर रोड पर बिजलीघर के पास बाग में मचा हड़कंप, ग्रामीण ने पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के मलकपुर रोड स्थित एक खेत के कमरे से कोबरा सांप निकलने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सांप को काबू में कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जाता है कि यह घटना मलकपुर रोड पर बिजलीघर के पास स्थित एक बाग में हुई। यह बाग मोहल्ला गुजरान निवासी अनिल का है, जहां उन्होंने पशुओं के लिए चारा काटने की मशीन एक कमरे में लगा रखी है।जानकारी के अनुसार जब अनिल पशुओं के लिए चारा काटने के उद्देश्य से कमरे के अंदर पहुंचे तो वहां उन्हें एक कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही वे घबरा गए और तुरंत शोर मचा दिया।
अनिल की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान कल्लू नामक एक ग्रामीण ने हिम्मत दिखाते हुए लकड़ी के डंडे की मदद से सांप को काबू में कर लिया। बाद में सांप को सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।
घटना के बाद बाग मालिक अनिल और आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सांप को काबू नहीं किया जाता तो कोई बड़ी अनहोनी भी हो सकती थी।