नाले का पानी गलियों में, चार दिन से परेशान ग्रामीण

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला थाना क्षेत्र के न्याय पंचायत गांव गंगेरू के मोहल्ला कुरेशियां में पिछले चार दिनों से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। मोहल्ले में जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है और बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया। जिसके चलते मोहल्ले के लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि गंदे नाले का पानी मोहल्ले की गलियों में भर गया है, जिससे चारों ओर गंदगी फैल रही है और बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।

मोहल्ला निवासी यामीन ने बताया कि जलभराव के कारण गलियों में कीचड़ और बदबू फैल रही है। छोटे-छोटे बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं गांव निवासी नफीस ने बताया कि पिछले चार दिनों से लगातार यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन अभी तक प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें मजबूर होकर प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

उधर इस संबंध में ग्राम प्रधान राशिद जंग ने बताया कि मोहल्ले में जलभराव की समस्या की जानकारी मिलते ही संबंधित कर्मचारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही नाले की सफाई कराकर पानी की निकासी की व्यवस्था कर दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मोहल्ले के लोगों को जल्द ही इस समस्या से राहत दिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!