गर्भवती महिला से मारपीट का आरोप, पति को बचाने आई पत्नी के पेट में मारी लात

 

सादिक सिद्दीकी,

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव नाला में पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दो लोगों ने एक युवक के साथ मारपीट कर दी और बीच-बचाव करने आई उसकी गर्भवती पत्नी को भी नहीं बख्शा। महिला के पेट में लात मारने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गांव नाला निवासी विक्की पुत्र धीर सिंह का कहना है कि उसके पड़ोस में रहने वाले दो लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश के चलते आरोपी आए दिन गाली-गलौज करते रहते हैं और कई बार मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी हैं।

पीड़ित का आरोप है कि मंगलवार को भी इसी रंजिश के चलते दोनों आरोपी उसके घर के पास पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसकी गर्भवती पत्नी काजल अपने पति को बचाने के लिए मौके पर पहुंची। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट कर दी और महिला के पेट में लात मार दी, जिससे वह घायल हो गई।

घटना के दौरान शोर-शराबा होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों को आता देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित अपनी घायल गर्भवती पत्नी को साथ लेकर थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!