युवक पर लाठी-डंडों से हमला; दो सगे भाइयों पर मुकदमा

 

सादिक सिद्दीकी,

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव जसाला में एक सप्ताह पहले हुई मारपीट की घटना में घायल युवक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार गांव जसाला निवासी हरविंदर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गत 4 मार्च को गांव के ही विशाल और मनीष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

इसी दौरान हरविंदर का भाई अनुज वहां से गुजर रहा था। अनुज ने दोनों पक्षों को शांत कराने और झगड़ा खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि गुस्से में आए मनीष और उसके भाई गौरव ने अपना गुस्सा अनुज पर ही उतार दिया। दोनों ने लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल अनुज को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

घायल के भाई हरविंदर ने डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद थाने में तहरीर देकर दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!