बिजली मीटर लगाने के बदले मांगी घूस, एंटी करप्शन टीम ने दबोचा लाइनमैन

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला क्षेत्र के ढूढार गांव स्थित बिजलीघर में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मीटर लगाने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक संविदा लाइनमैन को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद कर्मचारियों व ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मिली जानकारी के अनुसार ढूढार गांव निवासी शिवम ने नया बिजली कनेक्शन लेने के लिए बकाया बिल जमा कर दिया था और अपने घर पर मीटर लगवाने की प्रक्रिया पूरी करना चाहता था। आरोप है कि बिजलीघर में तैनात संविदा लाइनमैन रामवीर सिंह, निवासी गढ़ी रामकौर, ने मीटर लगाने के नाम पर उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर डाली। इतना ही नहीं, पैसे न देने पर कनेक्शन का काम लटकाने और परेशान करने की धमकी भी दी गई।रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिवम ने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से कर दी। शिकायत के साथ उसने रिश्वत मांगने की बातचीत की ऑडियो भी टीम को उपलब्ध कराई। शिकायत मिलते ही टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी और आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई।सोमवार को एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही संविदा लाइनमैन रामवीर सिंह ने शिवम से 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बिजलीघर में हड़कंप मच गया और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!