
एचआरपी डे पर डॉक्टरों ने की गर्भवती महिलाओं की जांच
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला में सोमवार को एचआरपी (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) डे का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं की विशेष स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सलाह दी गई।
डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने गर्भवती महिलाओं का ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, वजन सहित अन्य जरूरी जांचें कीं। साथ ही हाई रिस्क वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें विशेष देखभाल और उपचार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
चिकित्सकों ने बताया कि एचआरपी डे का मुख्य उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान होने वाली संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान करना और मां व शिशु की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाइयों का सेवन करने के लिए जागरूक किया गया।
साथ ही आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्र तक लाकर उनकी नियमित जांच सुनिश्चित कराएं, ताकि किसी भी समस्या का समय पर उपचार हो सके।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक, स्टाफ नर्स, एएनएम, आशा कार्यकर्ता सहित कई स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला में प्रत्येक सोमवार को एचआरपी डे का आयोजन किया जाता है, जिसमें गर्भवती महिलाओं की विभिन्न प्रकार की जांच की जाती है।