
पालतू कुत्ते ने मासूम बच्ची पर किया हमला, घायल हालत में अस्पताल में भर्ती
* पिता ने लगाया पड़ोसी के कुत्ते पर हमला करने का आरोप, पुलिस से की कार्रवाई की मांग

सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल में उस समय हड़कंप मच गया जब एक पालतू कुत्ते ने एक मासूम बच्ची पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते के हमले से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और उसे तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला खेल निवासी जैकी सलमानी की पुत्री अल्फिया घर से पास की एक दुकान पर सामान लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में मोहल्ले के ही एक व्यक्ति द्वारा पाले गए कुत्ते ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्ते ने अल्फिया को काट लिया, जिससे वह घायल होकर रोने लगी और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बच्ची को तुरंत कांधला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया और एंटी-रेबीज का इंजेक्शन लगाकर आवश्यक दवाइयां दीं।
घटना के बाद बच्ची के पिता जैकी सलमानी ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के एक व्यक्ति ने कुत्ता पाल रखा है, जो अक्सर लोगों पर झपटता है। उन्होंने कहा कि उसी कुत्ते ने उनकी पुत्री पर हमला किया है। इस संबंध में उन्होंने थाना कांधला में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं मामले में कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पालतू जानवरों को सही तरीके से नहीं बांधा गया और उन पर नियंत्रण नहीं रखा गया, तो ऐसी घटनाएं आगे भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। इसलिए प्रशासन को इस मामले में सख्ती से कदम उठाने चाहिए।