
मोरना में सत्ता परिवर्तन रैली को लेकर आजाद समाज पार्टी ने भरी हुंकार, कार्यकर्ता सम्मेलन में बनी रणनीति
रिपोर्ट मरगूब
24 अक्टूबर को चंद्रशेखर आजाद की रैली को ऐतिहासिक बनाने का लक्ष्य, रविंद्र भाटी ने कार्यकर्ताओं से की जुटने की अपील
मोरना। आगामी 24 अक्टूबर को मोरना ब्लॉक में आयोजित होने वाली आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद की विशाल सत्ता परिवर्तन रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में एडवोकेट रविंद्र भाटी, राष्ट्रीय महासचिव आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं प्रभारी मीरापुर विधानसभा के समर्थन में विशाल कार्यकर्ता एवं बूथ सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़ भी मौजूद रहे।
सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रैली की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
इस दौरान एडवोकेट रविंद्र भाटी ने कहा कि 24 अक्टूबर को मोरना में होने वाली सत्ता परिवर्तन रैली को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता और कार्यकर्ताओं की एकजुटता बेहद जरूरी है।
सम्मेलन में रैली की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। पार्टी पदाधिकारियों ने क्षेत्र में जनसंपर्क बढ़ाने और लोगों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। कार्यकर्ताओं ने रैली को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता से काम करने का संकल्प लिया।