हैंडपंप पर पानी पीने गया कर्मचारी, फोन पर गाली-गलौज और पैर काटने की धमकी का आरोप

 

* पूर्व नगर पंचायत अध्यक्षा दीपा पंवार पर कर्मचारी ने लगाए गंभीर आरोप, पैर काटने की धमकी देने का भी दावा

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। कस्बा एलम में नगर पंचायत के एक कर्मचारी ने पूर्व नगर पंचायत अध्यक्षा दीपा पंवार पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित कर्मचारी का आरोप है कि हैंडपंप पर पानी पीने जाने के दौरान शुरू हुआ मामला फोन पर गाली-गलौज और धमकी तक पहुंच गया। कर्मचारी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, कस्बा एलम स्थित नगर पंचायत में प्रयास पंवार कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। उनका मकान मोहल्ला गांधीनगर में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्षा दीपा पंवार के मकान के पास स्थित है। प्रयास पंवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मोहल्ले में एक सरकारी हैंडपंप लगा हुआ है, जहां से मोहल्ले के लोग पानी लेते हैं।

पीड़ित के मुताबिक, वह अपने साथी अंसार के साथ हैंडपंप पर पानी पीने गया था। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर कॉल आई। आरोप है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम सतबीर बताते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। प्रयास पंवार का आरोप है कि बातचीत के दौरान उसी फोन से पूर्व नगर पंचायत अध्यक्षा दीपा पंवार ने भी कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

प्रयास पंवार ने आरोप लगाया कि उन्हें हैंडपंप की ओर आने पर पैर काटने की धमकी दी गई। पीड़ित कर्मचारी का कहना है कि इस घटना के बाद वह भयभीत है। उसे आशंका है कि उसे झूठे मुकदमे में भी फंसाया जा सकता है।मामले को लेकर पीड़ित कर्मचारी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

*इस मामले मे*

पूर्व नगर पंचायत अध्यक्षा दीपा पंवार का कहना है कि मेरे ऊपर लगाए गए आरोप निराधार है। राजनीति के चलते मुकदमा दर्ज कराया गया है।

error: Content is protected !!