70 वर्षीय सोहनबीरी की हत्या से गांव में आक्रोश, सड़क जाम करने पहुंचे ग्रामीण

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। गांव असदपुर जिड़ाना में 70 वर्षीय वृद्धा सोहनबीरी की हत्या से ग्रामीणों में आक्रोश भड़क उठा। लूट के बाद हत्या की इस सनसनीखेज वारदात से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों का शनिवार को उस समय सब्र जवाब दे गया, जब पोस्टमार्टम के बाद वृद्धा का शव गांव पहुंचा। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया और कांधला-कैराना मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

गांव असदपुर जिड़ाना निवासी सोहनबीरी शुक्रवार को खेत पर गई थीं। देर रात उनका शव गन्ने के खेत में पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों के अनुसार, वृद्धा के कानों से सोने के कुंडल और गले से पेंडल गायब थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आभूषण लूटने के बाद महिला की हत्या की गई। मृतका का मुंह कपड़े से बंधा हुआ था, जबकि उनके पैरों को रस्सी से बांधा गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही वृद्धा का शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। गम और गुस्से के बीच लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीण कांधला-कैराना मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया।

एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि पुलिस आरोपियों का पता लगाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। अब ग्रामीणों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।

error: Content is protected !!