
ट्रैक्टर पलटने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला।कस्बे के बिजलीघर मार्ग निवासी एक युवक की ट्रैक्टर पलटने से दबकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को गमगीन माहौल में परिजनों व क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से युवक को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बिजलीघर मार्ग निवासी अतहर का 25 वर्षीय पुत्र आमीर गुरुवार की रात अपना ट्रैक्टर लेकर किसी कार्य से गांव भारसी के पास गया हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक आमीर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार को गमगीन माहौल में परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्र के सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में आमीर को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
वहीं दूसरी ओर कस्बे के शिवाला मार्ग निवासी हारुन का भी आकस्मिक निधन हो गया। एक ही समय में कब्रिस्तान में दो जनाजे पहुंचने से माहौल और भी अधिक गमगीन हो गया। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में दोनों मरहूमों को नम आंखों से सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।