व्यापारी की बेटी ने रचा इतिहास, यूपीएससी में 9वीं रैंक से चमका कांधला

 

* तीसरे प्रयास में मिली बड़ी सफलता, कांधला की आस्था जैन ने यूपीएससी में मारी बाज़ी

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला।साधारण परिवार से निकलकर बड़े सपनों को सच करने की मिसाल कस्बे की बेटी आस्था जैन ने पेश की है। यूपीएससी की कठिन परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए आस्था जैन ने पूरे भारत में 9वीं रैंक प्राप्त कर अपने परिवार, कस्बे और जिले का नाम रोशन कर दिया। जैसे ही परीक्षा परिणाम की खबर नगर में पहुंची, पूरे कस्बे में खुशी की लहर दौड़ गई और बधाई देने वालों का तांता उनके घर पर लग गया।

मोहल्ला सरावज्ञान निवासी अजय जैन एक सामान्य व्यापारी हैं, जिनकी नगर के लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास कन्फेक्शनरी की छोटी सी दुकान है। सीमित संसाधनों के बीच पली-बढ़ी उनकी बेटी आस्था ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर वह मुकाम हासिल किया है, जो लाखों युवाओं का सपना होता है। परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है, जिनमें आस्था दूसरे नंबर की पुत्री हैं।

आस्था का आईएएस बनने का सपना बचपन से ही था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई कस्बे में ही की, जबकि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शामली के स्कॉटिश स्कूल से उत्तीर्ण की। इंटरमीडिएट के बाद उन्होंने अपने माता-पिता को यूपीएससी की तैयारी करने की इच्छा बताई, जिस पर परिवार ने उनका हौसला बढ़ाया और आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय भेजा। वहां से बीए करने के बाद उन्होंने पूरी तरह यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी।

आस्था ने अधिकतर तैयारी सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन माध्यम से की, साथ ही कुछ समय दिल्ली में कोचिंग भी ली। उनके संघर्ष का सफर भी कम दिलचस्प नहीं रहा। पहले प्रयास में उन्होंने 131वीं रैंक हासिल कर आईपीएस के लिए चयन पाया और हैदराबाद में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया। लेकिन उनका लक्ष्य आईएएस बनना था, इसलिए उन्होंने दोबारा परीक्षा दी। दूसरे प्रयास में 186वीं रैंक मिलने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में 9वीं रैंक हासिल कर इतिहास रच दिया।

आस्था की माता ममता जैन ने बताया कि उनकी बेटी शुरू से ही पढ़ाई में होनहार रही है और हमेशा बड़े लक्ष्य के साथ मेहनत करती रही। परिवार के प्रोत्साहन और अपने आत्मविश्वास के बल पर उसने यह मुकाम हासिल किया है।

आस्था जैन की इस उपलब्धि से पूरे कस्बे में खुशी का माहौल है। लोग उनके पिता को बधाई देने के लिए घर पहुंच रहे हैं। बेटी की सफलता से गदगद पिता बाजार में मिठाई बांटकर खुशी जाहिर कर रहे हैं।

फोन पर बातचीत में आस्था ने अपनी सफलता का श्रेय माता ममता जैन, पिता अजय जैन, बहनों आंचल व खुशी जैन, भाई सार्थक जैन तथा अपने गुरुजनों को दिया। कस्बे की बेटी की इस बड़ी उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

 

👇

इण्टरमीडिएट परीक्षा में भी किया था क्षेत्र व परिवार का नाम रोशन

व्यापारी अजय जैन की बिटियां आस्था जैन पढाई में शुरू से ही होशियार है, उसने वर्ष 201़9 में स्काटिश स्कूल से इण्टरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। आस्था जैन ने इंटर मीडिएट परीक्षा में 500 में से 496 अंक प्राप्त कर देश में चैथा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र. व परिवार का नाम रोशन किया था।

—-👇👇👇

 

घर पर हर्ष का माहौल

आस्था जैन यूपीएससी परीक्षा परिणाम के समय अपनी ट्रेनिंग के लिए हैदराबाद में है। वही उनकी सफलता में उनके परिवार में हर्ष का माहौल है, तथा समाज के साथ – साथ नगर के गणमान्य लोग उसके परिवार को बधाई देने के लिए पहुंच रहे है, अपनी बिटिया की खुशी से गदगद पिता बाजार में मिठाई वितरित कर रहे है, आस्था ने फोन पर बात करते हुए अपने परीक्षा परिणाम पर संतुष्टि जताते हुए इसका पूरा क्षेत्र अपने माता ममता जैन, पिता अजय जैन, बहन आंचल जैन, खुशी जैन व भाई सार्थक जैन के साथ अपने गुरूजनों को दिया है। आस्था के परीक्षा परिणाम से कस्बे के साथ साथ समाज के लोगों में अत्याधिक हर्ष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!