उत्तर प्रदेश। डिजिटल धोखाधड़ी और ऑनलाइन फ्रॉड के खिलाफ आगरा पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए 32 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस को 34 मोबाइल फोन, 22 एटीएम कार्ड, 7 सिम कार्ड, 10 चेकबुक, 10 पासबुक, 10 फर्जी आधार कार्ड, 2 लैपटॉप, एक चारपहिया वाहन और ₹35,654 नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इन साइबर गिरोहों के खिलाफ पृथ्वी पोर्टल और NCRP पोर्टल पर उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में 500 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। अब तक इनसे जुड़े मामलों में करीब ₹300 करोड़ से अधिक की ठगी की पुष्टि हुई है।
आरोपी लोगों को तेज़ लोन, ऑनलाइन निवेश या कमाई के आसान तरीकों का लालच देकर उनके मोबाइल नंबर और आईडी की जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद जनसेवा केंद्र संचालकों की मिलीभगत से छेड़छाड़ कर फर्जी खाते खुलवाए जाते और उन्हीं खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जाता था। ठग Mobikwik ऐप के जरिए लोन देने का झांसा देकर पीड़ितों से OTP लेकर रकम निकाल लिया करते थे।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक, स्कीम या ऑनलाइन कमाई के झांसे में न आएं। ऐसे मामलों की जानकारी मिलने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।