
स्कूटी फिसलने से खत्म हुई एक ज़िंदगी, मां गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब क्षेत्र के एलम नाला कट के पास एक स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में दिल्ली के खजूरी खास निवासी किशन (25 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां पमिला देवी (50 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। मां-बेटे की यह दर्दनाक घटना जिसने भी देखी, उसकी आंखें नम हो गईं।जानकारी के अनुसार, किशन अपनी मां के साथ शामली में रिश्तेदारी से दिल्ली वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे एलम नाला कट के पास पहुंचे, स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। तेज रफ्तार के चलते दोनों सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से किशन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी मां बुरी तरह घायल हो गईं।
*राहगीरों की सूझबूझ से बची महिला की जान*
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल भेजा। कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने किशन को मृत घोषित कर दिया। वहीं पमिला देवी की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल शामली रेफर किया गया।
*पुलिस ने संभाला मोर्चा*
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
किशन की मौत की खबर जैसे ही दिल्ली स्थित खजूरी खास में पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। घर में मातम छा गया है। रिश्तेदार और आस-पड़ोस के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं। क्षेत्र में गम और शोक का माहौल व्याप्त है।