थानाभवन, शामली। मिशन शक्ति-5 अभियान के तहत थाना थानाभवन पर नियुक्त एंटी रोमियो टीम ने शुक्रवार को क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बाजारों का भ्रमण कर बालिकाओं व महिलाओं को जागरूक किया।
टीम के सदस्यों ने महिलाओं को अपने अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला सहायता), और 1098 (बाल संरक्षण) जैसे नंबरों के महत्व को समझाते हुए इनका उपयोग करने की अपील की।
पुलिस टीम ने उपस्थित छात्राओं को यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़खानी या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत सहायता लेना चाहिए और ऐसी घटनाओं की जानकारी पुलिस को देने में संकोच नहीं करना चाहिए।
एंटी रोमियो टीम ने विद्यालय परिसर और प्रमुख बाजारों में जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए तथा महिलाओं को आत्मरक्षा से संबंधित टिप्स दिए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से समाज में महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता और विश्वास दोनों बढ़ते हैं।