IMG-20250720-WA0004

 

शामली कांधला। उत्तर प्रदेश की सियासत एक बार फिर उबाल पर है। करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर योगेंद्र सिंह राणा द्वारा समाजवादी पार्टी की महिला सांसद इकरा हसन को लेकर दिया गया विवादित बयान अब तूल पकड़ चुका है। पूरे प्रदेश में इस बयान की तीखी आलोचना हो रही है। राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक बहस जारी है, और अब इस मुद्दे पर कांधला नगरपालिका अध्यक्ष हाजी नजमूल इस्लाम ने भी अपना मोर्चा खोल दिया है।

हाजी नजमूल इस्लाम ने सांसद इकरा हसन के पक्ष में दबंग अंदाज़ में बयान देते हुए कहा:

“यह केवल एक महिला सांसद का नहीं, पूरे लोकतंत्र का अपमान है। इकरा हसन के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी शर्मनाक है और निंदनीय भी। हम सब उनकी आवाज़ के साथ मजबूती से खड़े हैं।”

उन्होंने इस घटनाक्रम को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला करार देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को डराने और दबाने की कोशिशें न तो स्वीकार्य हैं और न ही बर्दाश्त की जाएंगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिम्मेदार व्यक्ति पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

मतभेद हो सकते हैं, मगर मर्यादा ज़रूरी है!

हाजी नजमूल ने कहा कि राजनीति में विचारों का टकराव स्वाभाविक है, लेकिन यह किसी को यह अधिकार नहीं देता कि वो व्यक्तिगत मर्यादा लांघे।

सोशल मीडिया पर इकरा हसन के खिलाफ जो आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं, वे न सिर्फ एक महिला का अपमान हैं, बल्कि समाज की सोच को भी शर्मसार करती हैं। हम ऐसी सोच का हर स्तर पर विरोध करेंगे।

महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ नहीं!

उन्होंने साफ कहा कि आज जब देश महिला सशक्तिकरण की ओर बढ़ रहा है, तब एक महिला सांसद को इस तरह सार्वजनिक रूप से निशाना बनाना शर्मनाक है। इस तरह के बयानों को यदि अभी रोका नहीं गया तो आने वाली पीढ़ियों के लिए यह एक गलत उदाहरण बनेगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!