बुखार ने छीनी 14 वर्षीय किशोर की जिंदगी, दिल्ली ले जाते समय रास्ते में मौत

 

मोहल्ले में गंदगी और मच्छरों के प्रकोप को लेकर उठे सवाल, कई लोगों के बुखार से पीड़ित होने का दावा

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। नगर के मोहल्ला रायजादगान में बुखार से पीड़ित 14 वर्षीय किशोर की मौत से परिवार में मातम पसर गया। मोहल्ला निवासी आरिश पुत्र अनीस पिछले करीब पांच दिनों से बुखार से पीड़ित था। शुक्रवार को अचानक हालत बिगड़ने पर परिजन उसे शामली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। परिजन दिल्ली लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही किशोर ने दम तोड़ दिया।किशोर की मौत की खबर जैसे ही परिजनों और मोहल्ले के लोगों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के अनुसार आरिश को कई दिनों से बुखार था और उसका उपचार कराया जा रहा था। शुक्रवार को उसकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली रेफर किया, लेकिन दिल्ली पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

गंदगी के बीच मच्छरों का बढ़ता प्रकोप बना चिंता का कारण

पूर्व सभासद मेहताब जंग ने मोहल्ले की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बताया कि आरिश के घर के आसपास भारी मात्रा में कूड़ा-करकट और गोबर के ढेर लगे हुए हैं। नाले के आसपास भी लंबे समय से पर्याप्त सफाई नहीं होने की बात कही गई है। उनका कहना है कि गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और मोहल्ले में कई लोग बुखार से पीड़ित बताए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि किशोर आरिश भी इन्हीं दिनों बुखार से पीड़ित था। हालांकि किशोर की मौत का कारण चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

स्वास्थ्य विभाग को नहीं थी मौत की जानकारी

मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला के प्रभारी चिकित्सक डॉ. रामबीर ने बताया कि उन्हें किशोर की मौत के संबंध में अभी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी कराकर आवश्यक जांच कराई जाएगी।किशोर की मौत के बाद मोहल्ले में सफाई व्यवस्था और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को लेकर लोगों में चिंता है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सफाई और नाले की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

error: Content is protected !!