
श्रीराम के जयकारों से गूंजा नगर, परंपरा के अनुसार निकली रामध्वज शोभायात्रा
सादिक सिद्दीक़ी,
कांधला। नगर में श्री रामलीला कमेटी पंजाबी धर्मशाला के तत्वावधान में रामलीला मंचन से पूर्व सोमवार को श्री रामध्वज पूजन एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन धूमधाम से किया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय नजर आया।
कार्क्रम का शुभारंभ मोहल्ला रायजादगान स्थित सिद्ध पीठ प्राचीन माता श्री शाकंभरी देवी भवन में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के बाद श्री रामध्वज के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े, जबकि मार्ग में जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत कर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पंजाबी धर्मशाला स्थित श्री रामलीला मंचन स्थल पर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। इसके बाद रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने परंपरागत रीति-रिवाज के अनुसार श्री रामध्वज की विधिवत पूजा-अर्चना की और उसे रामलीला मंचन स्थल पर स्थापित किया।
कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि रामलीला मंचन से पूर्व श्री रामध्वज पूजन एवं शोभायात्रा निकालने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा नगर धार्मिक उल्लास में डूबा नजर आया। आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर गुणपाल जैन, अनिल कुमार मित्तल, घनश्याम सैनी, डॉ. जनेश्वर चौहान, डॉ. रश्मिकांत जैन, संजीव कुमार गोयल, अनिल कुमार, सभासद इंद्रपाल, नेता किरणपाल, सोनू कुमार माहेश्वरी, जितेंद्र सैनी, आकाश कुमार सिंघल, ओम कुमार सिंघल, रवि नामदेव, देशराज, ईश्वर दयाल कंसल सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।