
फोन पर जान से मारने की धमकी से महिला दहशत में, पुलिस ने शुरू की जांच
सादिक सिद्दीक़ी,
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना में एक महिला को पिछले कई दिनों से लगातार फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकियों से महिला और उसका परिवार दहशत में है। पीड़िता ने पति के साथ कांधला थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव सुन्ना निवासी परवीन की पत्नी रीना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मोबाइल फोन पर पिछले कई दिनों से एक व्यक्ति लगातार फोन कर रहा है। आरोप है कि फोन करने वाला व्यक्ति उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते महिला और उसका परिवार भयभीत है।
रीना के अनुसार, धमकियों से परेशान होकर वह अपने पति के साथ कांधला थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फोन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।