पंखे कम, मरीज ज्यादा सीएचसी में गर्मी से बेहाल लोग

 

* पंखे कम, बैठने की व्यवस्था भी नाकाफी; इलाज कराने आए मरीज बोले पहले बीमारी, अब गर्मी की मार

सादिक सिद्दीक़

कांधला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला में मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच व्यवस्थाओं की कमी मरीजों के लिए परेशानी का सबब बनती नजर आ रही है। गुरुवार को सीएचसी में मरीजों की अच्छी-खासी भीड़ रही। ओपीडी से लेकर दवा काउंटर तक मरीज अपनी बारी के इंतजार में खड़े दिखाई दिए। वहीं पर्याप्त पंखे नहीं होने के कारण अस्पताल के अंदर गर्मी और उमस ने मरीजों का हाल बेहाल कर दिया।

बीमारी और बुखार से परेशान होकर अस्पताल पहुंचे मरीजों को राहत की उम्मीद थी, लेकिन कई मरीजों को इलाज से पहले गर्मी से जूझना पड़ा। पर्याप्त पंखे नहीं चलने और बैठने की सीमित व्यवस्था के कारण मरीजों व तीमारदारों को खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। भीड़ के बीच उमस बढ़ने से बुजुर्गों और बीमार मरीजों की परेशानी और ज्यादा बढ़ गई।

दवाई लेने के लिए लाइन में खड़े कस्बा निवासी अब्बास ने चिकित्सा प्रभारी डॉ. रामवीर सिंह के सामने समस्या उठाते हुए मरीजों के लिए पर्याप्त पंखे और बैठने की व्यवस्था कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाला व्यक्ति पहले ही बीमारी से परेशान होता है, ऐसे में गर्मी में घंटों खड़े रहना उसके लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है।

चिकित्सा प्रभारी डॉ. रामवीर सिंह ने बताया कि सीएचसी में मरीजों की संख्या में लगातार करीब 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो रही है। इन दिनों खांसी, नजला, जुकाम और बुखार की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण अस्पताल परिसर में भीड़ का दबाव बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा को देखते हुए जल्द ही पंखों की पर्याप्त व्यवस्था कराई जाएगी। वहीं मरीजों ने मांग की कि जो पंखे खराब पड़े हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए और जहां जरूरत है वहां नए पंखे लगाए जाएं। साथ ही मरीजों के बैठने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जाए, ताकि इलाज के लिए आने वाले लोगों को बीमारी के साथ गर्मी और अव्यवस्था की दोहरी मार न झेलनी पड़े।

error: Content is protected !!