
तबादले के बाद गरमाया मामला, सीएचसी अधीक्षक ने CMO को सौंपा प्रार्थना पत्र
* ट्रांसफर पर घिरे सीएचसी अधीक्षक ने CMO से लगाई गुहार, बोलेl‘स्थानांतरण पर करें पुनर्विचार’
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विरेन्द्र कुमार ने अपने स्थानांतरण को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, शामली को प्रार्थना पत्र सौंपकर तबादले पर पुनर्विचार की मांग की है। डॉ. विरेन्द्र कुमार ने स्थानांतरण को जबरन तथा स्थानीय राजनीति से प्रेरित बताते हुए अर्बन पीएचसी कांधला अथवा पीएचसी गंगेरू में तैनाती दिए जाने का अनुरोध किया है।
सीएमओ को दिए प्रार्थना पत्र में डॉ. विरेन्द्र कुमार ने बताया कि उनका स्थानांतरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसाला कर दिया गया है। उनका कहना है कि जनपद में लेवल-2 एवं लेवल-3 के चिकित्सक उपलब्ध हैं। उन्होंने दावा किया कि नियमावली के अनुसार चिकित्सा अधीक्षक का पद लेवल-2 या लेवल-3 के चिकित्सकों को दिया जाता है और वह लेवल-1 चिकित्सक होने के कारण इस पद को स्वीकार नहीं कर सकते।
डॉ. विरेन्द्र कुमार ने अपने पत्र में स्थानांतरण आदेश में ‘जनहित’ का उल्लेख किए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जसाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहले से चिकित्सकों की नियुक्ति है और वहां स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हो रही हैं। उनके अनुसार जसाला सीएचसी कांधला के अंतर्गत आता है तथा उसका संचालन एमओआईसी कांधला द्वारा किया जाता है।
उन्होंने प्रार्थना पत्र में अर्बन पीएचसी कांधला में चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने का हवाला देते हुए कहा कि जनहित में रिक्त पीएचसी पर स्थायी चिकित्सक की तैनाती अधिक आवश्यक है। उन्होंने सीएमओ से अनुरोध किया कि लेवल-1 चिकित्सक होने तथा जनहित को ध्यान में रखते हुए उनका स्थानांतरण अर्बन पीएचसी कांधला अथवा पीएचसी गंगेरू में किया जाए।