नौ साल की शादी के बाद ससुराल में एंट्री पर बवाल, दरवाजे के बाहर धरने पर बैठी महिला

* ससुराल का दरवाजा बंद तो घर के बाहर धरने पर बैठ गई महिला, कांधला में मचा हाईवोल्टेज ड्रामा

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला, कस्बे के गंगेरू मार्ग पर मंगलवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब ससुराल में एंट्री नहीं मिलने पर एक महिला घर के बाहर ही धरने पर बैठ गई। महिला के हंगामे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक ससुराल का दरवाजा नहीं खुल सका।

जानकारी के अनुसार शामली निवासी जीनत की शादी करीब नौ वर्ष पहले गंगेरू मार्ग निवासी साजिद के साथ हुई थी। जीनत का आरोप है कि मंगलवार को वह अपने बच्चे को डॉक्टर के पास दवाई दिलाने गई थी। वापस लौटने पर उसने ससुराल का दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया। काफी देर इंतजार के बाद महिला घर के बाहर ही बैठ गई और ससुराल में प्रवेश दिलाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।

महिला के धरने और हंगामे की सूचना मिलते ही कांधला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ससुराल पक्ष से दरवाजा खोलकर महिला को अंदर लेने के लिए कहा, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं खोला गया। इस दौरान मौके पर तमाशबीनों की भीड़ जुटी रही और पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि महिला का ससुराल पक्ष से काफी समय से विवाद चल रहा है। महिला अपने मायके में रह रही थी और मंगलवार को ससुराल आई थी। ससुराल वालों ने दरवाजा नहीं खोला है। पुलिस दोनों पक्षों को समझाने के साथ ही मामले का समाधान कराने और दरवाजा खुलवाने का प्रयास कर रही है।

error: Content is protected !!