
एक लाख कैश और बुलेट की डिमांड, विवाहिता बोली मुझे मारने की कोशिश की
सादिक सिद्दीकी
कांधला। दहेज की भूख ने एक विवाहिता की जिंदगी में ऐसा तूफान खड़ा कर दिया कि मामला पुलिस अधीक्षक की चौखट तक पहुंच गया। कस्बे के मौहल्ला रायजादगान निवासी विवाहिता अन्जुम ने अपने ससुराल पक्ष पर एक लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पति समेत चार ससुरालियों पर गला दबाकर हत्या करने की कोशिश का भी सनसनीखेज आरोप लगाया है।पीड़िता अन्जुम पुत्री जावेद ने पुलिस अधीक्षक शामली को दिए शिकायती पत्र में बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व उसका निकाह कैराना के मौहल्ला आलकलां निवासी फुरकान पुत्र शाहिद के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज को लेकर उसे परेशान किया जाने लगा। विरोध करने पर मारपीट और घर से निकालने के आरोप भी लगाए गए।बताया गया कि परिवार और समाज के लोगों ने कई बार बीच-बचाव कर दोनों पक्षों में समझौता कराया, जिसके बाद विवाहिता दोबारा ससुराल जाती रही। लेकिन पीड़िता का आरोप है कि दहेज की कथित भूख शांत नहीं हुई और कुछ समय बाद फिर से उसके साथ मारपीट तथा उत्पीड़न शुरू कर दिया जाता था।विवाहिता ने आरोप लगाया कि पति फुरकान, ससुर शाहिद, सास रिहाना और ननद मुस्कान द्वारा एक लाख रुपये नकद और बुलेट बाइक की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर कथित रूप से उसे आए दिन प्रताड़ित किया जाता था।पीड़िता के अनुसार, 6 सितंबर को बुलेट और एक लाख रुपये की मांग को लेकर विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि पति के बाद ससुर, सास और ननद ने भी उसके साथ मारपीट की और इसी दौरान उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया।विवाहिता ने बताया कि उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि लोगों के आने के बाद उसे धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया गया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक शामली से न्याय की गुहार लगाई।पीड़िता ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और गला दबाकर हत्या के प्रयास के आरोपों में कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उसे सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। अब पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।