
अचानक बरसे लाठी-डंडे, दो युवक लहूलुहान! अस्पताल में कराया भर्ती
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कैराना मार्ग स्थित बाईपास पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कई लोगों ने दो युवकों पर कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला में भर्ती कराया।
घायल राकिब पुत्र शरीफ के मुताबिक, वह अपने साथी आसिफ पुत्र तहसीन के साथ कैराना मार्ग स्थित बाईपास पर बैठे हुए थे। इसी दौरान कई लोग वहां पहुंचे और दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि कहासुनी के बाद लोगों ने अचानक लाठी-डंडों से दोनों पर हमला बोल दिया। हमलावरों के हमले से मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मारपीट में दोनों युवकों के शरीर पर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी कांधला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।
घटना के बाद पीड़ित युवकों ने कांधला पुलिस को तहरीर देकर मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ितों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और मारपीट में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।