रोडवेज बस की चपेट में आया बाइक सवार, इलाज के दौरान मौत

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। क्षेत्र के नानू पूरी गेट के निकट मंगलवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब बाइक सवार एक युवक सामने से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आ गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची 102 एंबुलेंस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। देर शाम उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जनपद बागपत निवासी अंकित पुत्र गंगा मंगलवार को बाइक पर सवार होकर किसी कार्य से शामली जा रहा था। बताया गया कि नानू पूरी गेट के निकट पहुंचने पर वह सड़क की रॉन्ग साइड से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही 102 एंबुलेंस के चालक दिलशाद मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

एंबुलेंस चालक दिलशाद ने बताया कि घायल युवक बाइक पर सवार होकर बागपत से शामली की ओर जा रहा था। बताया गया कि युवक सड़क की रॉन्ग साइड से जा रहा था, इसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हायर सेंटर में उपचार के दौरान देर शाम अंकित की मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल बना हुआ है।

मामले को लेकर कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि अभी मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!