एक झटके में बदल गई परिवार की खुशी! स्कूल गया जैद लापता, अब हर दरवाजे पर तलाश

 

सादिक सिद्दीक़ी,

 

कांधला स्कूल बैग कंधे पर टांगा, घर से निकला और फिर अचानक लापता! मोहल्ला शेखजादगान निवासी कक्षा नौ के छात्र जैद के गायब होने से परिवार की बेचैनी बढ़ गई है। रोजाना की तरह घर से स्कूल के लिए निकला जैद जब काफी देर बाद भी वापस नहीं लौटा तो पहले परिजनों ने इंतजार किया, फिर फोन घुमाए और उसके दोस्तों-परिचितों से जानकारी जुटाई। लेकिन घंटों की तलाश के बाद भी जैद का कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।लापता छात्र के पिता जावेद ने बताया कि उनका बेटा कस्बे के नेशनल स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ता है। रोज की तरह जैद स्कूल बैग लेकर घर से निकला था। परिवार को भरोसा था कि स्कूल की छुट्टी के बाद बेटा वापस घर आ जाएगा, लेकिन समय बीतता गया और घर का दरवाजा जैद की राह देखता रह गया। पहले परिजनों ने सोचा कि शायद वह किसी दोस्त या परिचित के यहां रुक गया होगा, लेकिन जब वहां भी जैद नहीं मिला तो चिंता ने घबराहट का रूप ले लिया।इसके बाद परिवार ने जैद को तलाशने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। दोस्तों से पूछा, रिश्तेदारों को फोन किए और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई। जहां-जहां बेटे के होने की उम्मीद लगी, वहां-वहां परिजन पहुंच गए, लेकिन हर जगह से खाली हाथ लौटना पड़ा। बेटे की तलाश में परिजनों ने खाक छान डाली, मगर जैद का कोई अता-पता नहीं चला।जैसे-जैसे समय गुजरता गया, परिवार की बेचैनी भी बढ़ती चली गई। घर में रखा स्कूल बैग और दरवाजे पर टिकी निगाहें अब जैद के सकुशल लौटने का इंतजार कर रही हैं। हर मोबाइल कॉल पर परिवार को लगता है कि शायद बेटे की कोई खबर आई हो, लेकिन अभी तक कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है। छात्र के अचानक लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उसकी सुरक्षा को लेकर परिवार बेहद परेशान है।तमाम कोशिशों के बावजूद जब जैद का कोई सुराग नहीं मिला तो परेशान परिजन कांधला थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दी और अपने बेटे को जल्द से जल्द तलाश कर सकुशल घर वापस लाने की गुहार लगाई। परिवार का कहना है कि जैद की तलाश में हर संभव प्रयास किया जाए, ताकि जल्द उसकी जानकारी मिल सके।शिकायत मिलते ही पुलिस ने छात्र की तलाश शुरू कर दी। पुलिस छात्र के स्कूल जाने वाले रास्ते, आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर जानकारी जुटा रही है। जैद के दोस्तों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। घर से निकलने के बाद जैद किस रास्ते से गया और उसकी गतिविधियां कहां तक कैमरों में कैद हुईं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज से कोई अहम सुराग हाथ लग सकता है।

थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर छात्र की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस CCTV फुटेज खंगालने के साथ ही छात्र से जुड़े लोगों और संभावित स्थानों से जानकारी जुटा रही है। पुलिस का प्रयास है कि छात्र को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए।उधर, जैद के लापता होने की खबर से मोहल्ले में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। परिवार की हालत देखकर हर कोई चिंतित है। जिस जैद को परिवार ने सुबह स्कूल बैग के साथ घर से विदा किया था, उसी जैद की वापसी का अब बेसब्री से इंतजार हो रहा है। परिजनों की नजरें रास्ते पर हैं, मोबाइल हाथ में है और दिल में बस एक ही उम्मीद जैद सकुशल वापस घर लौट आए।

error: Content is protected !!