तमंचा लेकर घूम रहा था आरोपी, पुलिस को देख भागा घेराबंदी में दबोचा!

 

* 32 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर भेजा जेल

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपी को तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों में हड़कंप मच गया।

 

पुलिस के मुताबिक, एसपी शामली के निर्देश पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में गंगेरू चौकी प्रभारी योगेश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ गांव असदपुर जिडाना स्थित ईंट भट्ठे के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया।

 

पुलिस को देखते ही आरोपी ने रास्ता बदलकर भागने की कोशिश की। शक होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 32 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

 

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमजद पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम घाटमपुर, थाना नकुड़, जनपद सहारनपुर बताया। पुलिस ने बरामद तमंचे और कारतूस को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।

 

*कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेजा*

थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

error: Content is protected !!