
शादी की खुशियां मातम में बदलीं: जहरीले सांप के डसने से 14 वर्षीय किशोर की मौत
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला/गंगोह।कांधला थाना क्षेत्र के गांव हाजीपुर दुगाड़ा निवासी 14 वर्षीय किशोर अर्थ की जहरीले सांप के काटने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गंगोह क्षेत्र के गांव घाटेपुर में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुआ। देखते ही देखते शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, अर्थ अपनी मां के साथ रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात में वह अन्य लोगों के साथ किराए पर लाए गए बिस्तर पर सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसकी पीठ पर काट लिया। शुरुआत में किसी को घटना का पता नहीं चला, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तुरंत कांधला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक अर्थ किसान सरवर का पुत्र था। परिवार में वह दो भाइयों और एक बहन के बीच था। कम उम्र में बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गमगीन माहौल में परिजनों ने अर्थ को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।