
कुदरत मेहरबान, लेकिन व्यवस्था परेशान! बारिश से कांधला हुआ पानी-पानी
* नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने संभाली कमान, जलभराव वाले क्षेत्रों में निकासी कार्य तेज
सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे कस्बे की रफ्तार थाम दी। लगातार बरसते बादलों ने नगर की कई प्रमुख सड़कों को तालाब में तब्दील कर दिया। जगह-जगह जलभराव होने से राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहिया वाहन पानी में हिचकोले खाते नजर आए, जबकि कई चारपहिया वाहन भी जलभराव में फंस गए।
बारिश के चलते बाजारों, मुख्य चौराहों और निचले इलाकों में पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। जलभराव के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा और लोगों को लंबे रास्तों से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। नगर की सड़कों पर घंटों तक पानी जमा रहने से नगर की जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे।
हालांकि, लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
नगर पालिका अध्यक्ष हाजी नजमुल इस्लाम ने बताया कि अत्यधिक वर्षा के कारण कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से जलभराव की स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले प्रमुख नालों और नालियों की सफाई कराई गई थी। नगर पालिका की टीमें लगातार जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं और पानी की निकासी का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही हालात बन जाते हैं। लोगों ने मांग की कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बारिश राहत के साथ-साथ मुसीबत का कारण न बने।