स्कूल बना चोरों का निशाना! ताले तोड़ गैस सिलेंडर ले उड़े बदमाश, झाड़ियों में मिली चोरी की बैटरी

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे के खेड़ा कुर्तान स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बेखौफ चोरों ने देर रात धावा बोलकर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। बदमाशों ने विद्यालय के कार्यालय और रसोई के ताले तोड़ दिए, गैस सिलेंडर चोरी कर लिया और पूरे स्कूल में सामान बिखेर दिया। घटना से विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

गुरुवार सुबह जब प्रधानाध्यापक अक्षय कुमार विद्यालय पहुंचे तो कार्यालय और रसोई के टूटे ताले देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था, जबकि मिड-डे मील में इस्तेमाल होने वाला गैस सिलेंडर गायब मिला। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ घंटों तक आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान विद्यालय से चोरी हुई बैटरी पास की झाड़ियों से बरामद कर ली गई। मौके पर ताला तोड़ने के औजार भी मिले हैं। माना जा रहा है कि चोर जल्दबाजी में बैटरी और औजार छोड़कर फरार हो गए, लेकिन गैस सिलेंडर लेकर भागने में सफल रहे।

घटना के बाद प्रधानाध्यापक अक्षय कुमार, ग्राम प्रधान नौशाद और ग्रामीण कांधला थाने पहुंचे तथा अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम गठित कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

error: Content is protected !!