
आवारा कुत्तों का आतंक, मासूम समेत तीन पर हमला
* एक ही दिन में तीन लोग बने शिकार,नगरवासियों में दहशत, आवारा कुत्तों पर कार्रवाई की उठी मांग
- सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एक ही दिन में मासूम बच्चे सहित तीन लोगों पर आवारा कुत्तों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सभी घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाकर उपचार किया। लगातार हो रही घटनाओं से नगरवासियों में भय का माहौल है।
घायलों में सरकारी अस्पताल के पास रहने वाले वृद्ध मीनू, मेन बाजार निवासी व्यापारी गौरव जैन तथा सलेमपुर मार्ग निवासी आबिद के 12 वर्षीय पुत्र अतिकुर रहमान शामिल हैं। बताया गया कि आवारा कुत्तों ने अचानक हमला कर तीनों को घायल कर दिया।
सरकारी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सभी घायलों को समय पर एंटी-रेबीज वैक्सीन लगा दी गई है। उन्होंने लोगों से आवारा जानवरों से सावधानी बरतने और काटने की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की।
नगर में लगातार बढ़ रहे आवारा कुत्तों के हमलों को लेकर लोगों में आक्रोश है। नगरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनके बंध्याकरण और प्रभावी नियंत्रण अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने बताया कि आवारा कुत्तों को पकड़कर उनका टीकाकरण एवं बंध्याकरण अभियान समय-समय पर चलाया जा रहा है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नगरवासियों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।