हर दिन हादसे, फिर भी कार्रवाई नहीं! आवारा सांड ने महिला को किया लहूलुहान

 

* कांधला में आवारा गोवंश का आतंक बरकरार, लोगों में भारी आक्रोश; प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला कस्बे में आवारा गोवंश का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को मोहल्ला मिर्दगान में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। सड़क किनारे खड़ी 55 वर्षीय महिला इमराना पर एक आवारा सांड ने अचानक हमला कर दिया। सांड की जोरदार टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला मिर्दगान निवासी शाकिर की पत्नी इमराना (55) सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान एक आवारा सांड ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला के पेट में गंभीर घाव हो गया और सिर में भी चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक डॉ. रवि ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया गया। चिकित्सक के अनुसार सांड की टक्कर से महिला के पेट में लगभग चार सेंटीमीटर गहरा घाव हुआ है, जिसके चलते उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में आवारा सांडों को लेकर भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे की सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते आवारा गोवंश को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर नहीं भेजा गया तो भविष्य में इससे भी बड़े हादसे हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कस्बे में विशेष अभियान चलाकर आवारा गोवंश को तत्काल पकड़ा जाए और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि मासूम लोगों की जान जोखिम में न पड़े।

error: Content is protected !!