
नाली निकासी को लेकर दो पक्ष भिड़े, दंपति अस्पताल और आरोपी पर कार्रवाई की मांग
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे के मोहल्ला मौलानान में नाली के पानी की निकासी को लेकर हुआ विवाद अचानक हिंसक संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद पड़ोसी युवक पर दंपति के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में फारूक और उनकी पत्नी फेमीदा घायल हो गए। दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद थाना कांधला में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
पीड़िता फेमीदा ने बताया कि मोहल्ले में नगर पालिका द्वारा सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण के दौरान नाली के पानी की निकासी को लेकर पड़ोसी युवक से विवाद हो गया। आरोप है कि युवक ने पहले अभद्र भाषा का प्रयोग किया और फिर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
महिला की चीख-पुकार सुनकर जब उनके पति फारूक बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। हमले में दोनों घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और घायलों को उपचार के लिए भेजा।
मेडिकल परीक्षण के बाद पीड़ित दंपति ने थाना कांधला पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर देते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद मोहल्ले में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।