
समझौता कराने गई महिला पर बरसे डंडे, बच्चों के विवाद ने मचाया बवाल
* गंगेरू में सनसनी: पड़ोसियों पर मारपीट और अभद्रता का आरोप, पीड़िता ने पुलिस से लगाई इंसाफ की गुहार
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। समझौता कराने पहुंची एक महिला पर कथित रूप से डंडे से हमला कर दिया गया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी है।
पीड़ित महिला करीमा के अनुसार, उसके बच्चों का पड़ोस के बच्चों से मामूली विवाद हुआ था। विवाद को शांत कराने और आपसी समझौता कराने के उद्देश्य से वह पड़ोसी के घर गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने डंडे से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।
घटना के बाद परिजन घायल महिला को लेकर कांधला थाने पहुंचे, जहां पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई। पुलिस ने महिला का चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता और उसके परिवार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।