एक पल की रफ्तार जिंदगी पर भारी दंपति और मासूम बेटी गंभीर घायल

 

* दिल्ली–सहारनपुर हाईवे पर मचा हड़कंप, जोरदार टक्कर से उड़े बाइक के परखच्चे, तीनों घायलों को हायर सेंटर रेफर

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। दिल्ली–सहारनपुर हाईवे पर बुधवार को तेज रफ्तार एक परिवार के लिए आफत बन गई। द गोल्ड पब्लिक स्कूल के समीप हाईवे किनारे खड़ी कार में पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक इतनी जोरदार तरीके से जा टकराई कि बाइक सवार दंपति और उनकी मासूम बेटी सड़क पर दूर जा गिरे। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तत्काल घायलों की मदद करते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बागपत निवासी नितिन अपनी कार को द गोल्ड पब्लिक स्कूल के पास हाईवे किनारे खड़ी कर आम खरीद रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे कार के पिछले हिस्से में जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार का पिछला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में बाइक सवार जितेंद्र, उनकी पत्नी रेनू तथा उनकी मासूम बेटी यंशिका गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना कांधला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक काफी तेज रफ्तार में थी। यदि चालक की गति नियंत्रित होती तो शायद इतना बड़ा हादसा टल सकता था। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बाइक की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जानकारी जुटा रही है, ताकि हादसे के सभी पहलुओं की पुष्टि की जा सके।

थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक प्राप्त तथ्यों के आधार पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार प्रतीत हो रहा है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!