मौसम की मार या बीमारी का प्रकोप? तीन दुधारू गायों की मौत से मचा हड़कंप

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। क्षेत्र में बदलते मौसम का असर अब केवल इंसानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पशुधन भी इसकी चपेट में आने लगा है। कांधला क्षेत्र के गांव पंजोखरा में तेज बुखार की चपेट में आने से किसान राधेश्याम की तीन दुधारू गायों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से किसान को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है, जबकि पूरे गांव में चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित किसान राधेश्याम ने बताया कि उनके पास कुल आठ दुधारू गाय थीं। कुछ दिन पहले अचानक तीन गायों को तेज बुखार आया, जिसके बाद उन्होंने चारा खाना बंद कर दिया। किसान ने तुरंत एक निजी पशु चिकित्सक से उपचार कराया और दवाइयां भी दिलाईं, लेकिन लगातार इलाज के बावजूद तीनों गायों की एक-एक कर मौत हो गई।

तीन दुधारू गायों की मौत से किसान का परिवार गहरे सदमे में है। ग्रामीणों ने किसान के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं, पशुपालकों में भी डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि बदलते मौसम के कारण पशुओं में बुखार और अन्य संक्रामक बीमारियां तेजी से फैल रही हैं।

घटना के बाद क्षेत्र के अन्य पशुपालकों ने भी अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों ने पशुपालन विभाग से मांग की है कि गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं, पशुओं की जांच कराई जाए और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी अन्य किसान को इस तरह का भारी नुकसान न उठाना पड़े।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग ने प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो बीमारी का दायरा बढ़ सकता है और क्षेत्र के पशुपालकों को भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है। फिलहाल पूरे गांव में इस घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

error: Content is protected !!