
*पुश्तैनी मकान पर छिड़ा विवाद, झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप
* महिला पर निर्माण कार्य रुकवाने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
*
सादिक सिद्दीकी,
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना में करीब 50 वर्ष पुराने पुश्तैनी मकान के पुनर्निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। गांव निवासी एक व्यक्ति ने गांव की ही एक महिला पर निर्माण कार्य में बार-बार बाधा डालने, झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कांधला पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव सुन्ना निवासी फारूक मलिक पुत्र सयूब मलिक ने पुलिस को दी लिखित तहरीर में बताया कि उनका करीब 50 वर्ष पुराना पुश्तैनी मकान जर्जर हो चुका है, जिसे वह तोड़कर नया निर्माण कराना चाहते हैं। आरोप है कि जैसे ही निर्माण कार्य शुरू करने या मकान की लिंटर डालने की तैयारी की जाती है, गांव की एक महिला मौके पर पहुंचकर विवाद खड़ा कर देती है और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर निर्माण कार्य रुकवा देती है।
पीड़ित का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों और आपत्तियों के कारण वह लंबे समय से अपना मकान नहीं बना पा रहे हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपित के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने और निर्माण कार्य को सुरक्षित ढंग से पूरा कराने की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि मामले में लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।