
आम के बाग में चलीं लाठियां, सभासद पति समेत तीन लहूलुहान
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव महालीपुर स्थित आम के बाग में दिनदहाड़े दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान निवासी सभासद पति खुर्शीद अफजल, गुलबहार समेत तीन लोगों पर लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने अचानक हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ वार से तीनों घायल हो गए, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पीड़ित खुर्शीद अफजल के अनुसार वह अपने साथियों के साथ महालीपुर स्थित आम के बाग में कार्य कर रहे थे। तभी कई लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तीनों को घेरकर जमकर पीटा। अचानक हुए हमले से तीनों संभल भी नहीं पाए और गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद पीड़ितों ने कांधला थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।