
आम की पेटियां चुराने की कोशिश पड़ी भारी, मंडी में रंगे हाथ दबोचा गया चालक
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे की नवीन सब्जी मंडी में गुरुवार को आम की पेटियां चोरी करने की कथित कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब व्यापारियों ने एक ई-रिक्शा चालक को रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना के बाद मंडी में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में व्यापारी व स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने के बावजूद समाचार लिखे जाने तक पुलिस के मौके पर न पहुंचने से व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी उमर सिद्दीकी नवीन सब्जी मंडी में फल एवं सब्जी का कारोबार करते हैं। गुरुवार को उनकी आम की कई पेटियां मंडी परिसर में रखी थीं। आरोप है कि इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक चुपके से वहां पहुंचा और आम की पेटियां अपने ई-रिक्शा में लादकर ले जाने लगा। तभी व्यापारी की नजर उस पर पड़ गई। शोर मचते ही आसपास के व्यापारियों ने दौड़कर आरोपी को पकड़ लिया और मंडी में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई, लेकिन काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे मंडी के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। व्यापारियों का कहना है कि मंडी में आए दिन चोरी और उठाईगिरी की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मंडी में नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।