सीएचसी में शुरू हुई डायलिसिस सेवा, अब किडनी मरीजों को नहीं काटने पड़ेंगे बड़े शहरों के चक्कर

 

* पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल व समाजसेवी अखिल बंसल ने किया शुभारंभ, ग्रामीण अंचल के हजारों मरीजों को मिलेगी राहत

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। बुधवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। वर्षों से डायलिसिस के लिए मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और दिल्ली जैसे बड़े शहरों के चक्कर लगाने को मजबूर मरीजों को अब बड़ी राहत मिल गई है। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कांधला में पहली बार अत्याधुनिक डायलिसिस मशीन का शुभारंभ कर स्वास्थ्य सेवाओं में एक नई शुरुआत की गई।

डायलिसिस मशीन का उद्घाटन पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल एवं समाजसेवी अखिल बंसल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान पूरे अस्पताल परिसर में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. जाहिद अली त्यागी, चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह, पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम, अस्पताल स्टाफ, व्यापारी वर्ग एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सीएचसी स्तर पर पहली बार डायलिसिस सुविधा शुरू की गई है। अब किडनी रोगियों को इलाज के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, जिससे उनका समय बचेगा, आर्थिक बोझ कम होगा और समय पर उपचार मिलने से जीवन भी सुरक्षित रहेगा।

एसीएमओ डॉ. जाहिद अली त्यागी ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। कांधला सीएचसी में डायलिसिस मशीन शुरू होना स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे आसपास के गांवों और कस्बों के मरीजों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

समाजसेवी अखिल बंसल ने कहा कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को उनके अपने क्षेत्र में बेहतर इलाज उपलब्ध कराना सबसे बड़ी जनसेवा है। डायलिसिस जैसी सुविधा शुरू होने से मरीजों और उनके परिजनों को लंबी दूरी तय करने, आर्थिक परेशानी और समय की बर्बादी से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि आगे भी जनहित से जुड़े कार्यों में हर संभव सहयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम में व्यापारी नेता रोहित गुप्ता, विक्की जैन, विष्णु प्रसाद अग्रवाल, पवन कंसल, डॉ. विक्रम सैनी, अमन मित्तल, शरद मित्तल, वरुण जैन, जावेद जंग सहित अस्पताल का समस्त स्टाफ और नगर के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कांधला सीएचसी में डायलिसिस सुविधा शुरू होने से न केवल मरीजों को समय पर उपचार मिलेगा, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी बड़ी राहत मिलेगी। यह सुविधा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

error: Content is protected !!