सरकारी नल पर पानी भरने को लेकर मचा बवाल, 8 माह की गर्भवती महिला पर हमला,

 

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत में सरकारी नल से पानी भरने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने आठ माह की गर्भवती महिला के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। घटना में महिला घायल हो गई, जिसे आनन-फानन में उपचार के लिए कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

घायल महिला रिजवाना पुत्री इदरीश के परिजनों ने बताया कि उनकी छोटी बेटी सरकारी नल से पानी भरने गई थी। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब आठ माह की गर्भवती रिजवाना ने इसका विरोध किया और बच्ची का पक्ष लिया, तो आरोपी ने आपा खो दिया और कथित रूप से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि धक्का-मुक्की और मारपीट में गर्भवती महिला को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल महिला को तत्काल कांधला सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। डॉक्टरों की निगरानी में महिला की हालत पर नजर रखी जा रही है।

पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि गर्भवती महिला के साथ इस तरह की मारपीट न केवल अमानवीय है, बल्कि कानूनन भी गंभीर अपराध है।

सूचना पर पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और ग्रामीण दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

error: Content is protected !!