कांवड़ यात्रा से पहले पुलिस की चेतावनी, ऊंचे डीजे बजाए तो होगी कानूनी कार्रवाई

 

* कांवड़ यात्रा पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: ऊंचे डीजे पूरी तरह बैन, नियम तोड़ा तो सीधे मुकदमा और सख्त कार्रवाई

 

 

सादिक सिद्दीकी

कांधला। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मंगलवार को थाना कांधला परिसर में आयोजित अहम बैठक में पुलिस-प्रशासन ने साफ शब्दों में संदेश दे दिया कि इस बार नियमों से कोई समझौता नहीं होगा। सीओ कैराना हेमंत कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीजे संचालकों, डाक कांवड़ ले जाने वाले शिवभक्तों, कांवड़ सेवा शिविर संचालकों तथा पुलिस अधिकारियों को शासन की गाइडलाइन से अवगत कराया गया।

बैठक में सीओ हेमंत कुमार ने दो टूक कहा कि निर्धारित मानक से अधिक ऊंचाई वाले डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। किसी भी डीजे संचालक को ऐसे डीजे किराए पर देने की अनुमति नहीं होगी। कांवड़ यात्रा के दौरान केवल धार्मिक एवं भक्ति संगीत ही बजाया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

सीओ ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा और आस्था का पर्व है, इसलिए इसे शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग, ध्वनि प्रदूषण या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की टीमें पूरे कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी रखेंगी और हर गतिविधि पर पैनी नजर रहेगी।

बैठक में कांवड़ सेवा शिविर संचालकों को निर्देश दिए गए कि शिवभक्तों के लिए स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक उपचार, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें। साथ ही सभी आयोजकों से शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की अपील की गई, ताकि लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सकुशल संपन्न हो सके।

प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि इस बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। चाहे वह डीजे संचालक हो, आयोजक हो या कोई अन्य व्यक्ति—गाइडलाइन का उल्लंघन करते ही तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन पूरी कांवड़ यात्रा के दौरान 24 घंटे सतर्क रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

error: Content is protected !!