नहर टूटी, किसान परेशान… अधूरी मरम्मत पर उठे सवाल

 

 

* नहर की पटरी टूटी, खेत हुए जलमग्न… अधूरी मरम्मत ने सड़क को बनाया दलदल, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव नाला के पास छोटी नहर की पटरी टूटने से किसानों और राहगीरों की मुसीबत कई गुना बढ़ गई। तेज बहाव के चलते नहर का पानी आसपास के खेतों में घुस गया, जिससे फसलों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं, सिंचाई विभाग द्वारा शुरू किया गया मरम्मत कार्य देर तक भी पूरा नहीं हो सका, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।

नहर का पानी रोकने के लिए विभाग ने जेसीबी मशीन और कर्मचारियों की मदद से मिट्टी डालकर बहाव पर काबू तो पा लिया, लेकिन अधूरी मरम्मत के कारण पूरी सड़क कीचड़ से भर गई। हालत यह है कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है और दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीण रोशन ने बताया कि नहर टूटने से पानी सीधे खेतों में पहुंच गया था। विभाग ने अस्थायी व्यवस्था कर दी, लेकिन सड़क पर फैला कीचड़ अब लोगों के लिए नई मुसीबत बन चुका है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क की सफाई और स्थायी मरम्मत कराने की मांग की।

सिंचाई विभाग के जिलेदार नरेश पाल ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी और मिट्टी भरकर पानी का बहाव रोक दिया गया। लगातार बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ की समस्या उत्पन्न हुई है, जिसे जल्द साफ कराकर मार्ग को पूरी तरह सुचारु किया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नहर की मजबूत मरम्मत नहीं कराई गई, तो अगली बारिश में फिर यही हालात बन सकते हैं।

error: Content is protected !!