
हादसा कर एंबुलेंस छोड़ भागा चालक, पुलिस जांच में जुटी
* मोबाइल पर बात या लापरवाही? बेकाबू एंबुलेंस ने मचाया कहर, भैंस को रौंदा, सरकारी हैंडपंप तोड़ा… चालक मौके से फरार!
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव जिड़ाना में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक भैंस और सरकारी हैंडपंप से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि सरकारी हैंडपंप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक एंबुलेंस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और लापरवाही पर नाराजगी जताई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एंबुलेंस तेज गति से कैराना की ओर से आ रही थी। भैंस मालिक शशि कुमार का आरोप है कि चालक चलते वाहन में मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान उसका ध्यान सड़क से हट गया और एंबुलेंस बेकाबू होकर सीधे सड़क किनारे खड़ी भैंस और सरकारी हैंडपंप से जा टकराई। हादसे में बेजुबान पशु दर्द से तड़पता रहा, जबकि सरकारी संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचा।
घटना की सूचना मिलते ही कांधला पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है। ग्रामीणों ने घायल भैंस के इलाज, सरकारी हैंडपंप की क्षति की भरपाई और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि उस समय सड़क किनारे कोई राहगीर या बच्चा खड़ा होता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।