दहेज नहीं मिला तो जुल्म की इंतहा! विवाहिता ने पति समेत ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप

 

* दहेज की मांग, मारपीट और तीन तलाक का आरोप, विवाहिता ने एसपी से मांगा इंसाफ

 

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की जिंदगी में भूचाल आने का मामला सामने आया है। कस्बे के मोहल्ला मिर्दगान निवासी नाजिया ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, अवैध रूप से तीन तलाक देने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक शामली से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता ने एसपी को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी शादी 31 मार्च 2022 को सहारनपुर निवासी आसिफ पुत्र रईस के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति, सास, ससुर, ननद, देवर और जेठ अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये नकद और मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ लगातार मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।

शिकायत में पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके ससुर की उस पर गलत नजर रहती थी। विरोध करने पर उसके साथ और अधिक दुर्व्यवहार किया गया। पीड़िता के अनुसार 30 जून 2026 को पति और ससुराल पक्ष के लोग उसके मायके मोहल्ला मिर्दगान पहुंचे, जहां फिर से दहेज की मांग की गई। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसी दौरान पति ने परिजनों के उकसाने पर सबके सामने तीन बार “तलाक” कहकर तलाक दे दिया, जिसे पीड़िता ने कानून के विरुद्ध बताया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी जाते समय उसे जान से मारने की धमकी भी देकर गए। उसका कहना है कि स्थानीय थाने में शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने पुलिस अधीक्षक शामली से पति व अन्य आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, अवैध रूप से तीन तलाक देने और धमकी देने के मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

error: Content is protected !!