
धमकी के दो दिन बाद हमला! युवक गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव नाला में मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के एक युवक पर कथित रूप से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
घायल की पहचान चैन सिंह के पुत्र पंपोश के रूप में हुई है। पीड़ित ने बताया कि करीब दो दिन पहले गांव के ही एक युवक से उसकी मामूली कहासुनी हो गई थी। उस समय आरोपी ने उसे देख लेने की धमकी दी थी और वहां से चला गया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पहले से ही रंजिश रखे हुए था और मौका मिलने का इंतजार कर रहा था।
आरोप है कि बाद में आरोपी ने पंपोश को अकेला पाकर उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले के दौरान उसके सीने पर कई वार किए गए, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। घटना के बाद घायल दर्द से तड़पता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कांधला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की मदद से कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा। चिकित्सकों के अनुसार घायल का उपचार जारी है।
पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उसे जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। घटना के बाद गांव में भी इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।