
थाने के मालखाने से निकली पिस्टल बरामंदगी के बाद पुलिस महकमे मे हंडकंप
* थाने के मालखाने से पिस्टल बदमाश तक कैसे पहुंची हर कोई पूछ रहा यही सवाल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना कांधला के मालखाने से कथित रूप से हथियार बाहर निकलने और वर्ष 2020 से जमा एक लाइसेंसी पिस्टल के अवैध रूप से बाहर पहुंचने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। इस घटना ने मालखाने की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को मेरठ के मवाना थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ केशू यादव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से बरामद लाइसेंसी पिस्टल की जांच में खुलासा हुआ कि यह हथियार वर्ष 2020 से थाना कांधला के मालखाने में जमा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पिस्टल को बिना किसी वैधानिक आदेश के मालखाने से बाहर निकाला गया।
मामले के खुलासे के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह द्वारा निलंबित हेड कांस्टेबल अमित कुमार यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि मालखाने में जमा हथियारों का नियमित सत्यापन और रिकॉर्ड का मिलान किस स्तर पर किया जा रहा था। यदि समय-समय पर निरीक्षण होता, तो हथियार के गायब होने की जानकारी पहले ही सामने आ सकती थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद हथियारों में एक रिवॉल्वर, तीन तमंचे और कई कारतूस भी शामिल हैं। इन हथियारों के स्रोत और पूरे मामले की जांच जारी है।
मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि यह केवल एक व्यक्ति की करतूत थी या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय था। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।