सात दिन में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
मैरिज होम संचालकों सहित अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग
कैराना। नगर के एक मैरिज होम में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान कथित गोमांस प्रकरण को लेकर विश्व हिन्दू रक्षा संगठन ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। संगठन पदाधिकारियों ने कोतवाली प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में संलिप्त सभी व्यक्तियों की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।

प्रदेश उपाध्यक्ष अनमोल मित्तल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि नगर के एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से गोमांस से भोजन तैयार किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने मांग की कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों के साथ-साथ अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच कराई जाए। ज्ञापन में कहा गया कि यदि जांच में किसी व्यक्ति अथवा संस्था की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संगठन ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की। संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन क्षेत्र के लोगों के साथ आंदोलन करने पर विचार करेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सात दिन का अल्टीमेटम
विश्व हिन्दू रक्षा संगठन ने ज्ञापन में कहा है कि यदि सात दिनों के भीतर मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन की रणनीति बनाएगा। संगठन ने प्रशासन से कानून के दायरे में रहकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने की मांग की है।
